Live मैच में रोहित-विराट को क्या हुआ? दोनों ने छोड़ा मैदान, फैंस की बढ़ी टेंशन


Rohit Sharma-Virat Kohli Injured: आईपीएल 2026 के 20वें मैच में भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज खिलाड़ियों का आमना-सामना हुआ. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच भी टक्कर देखने को मिली. लेकिन इस मैच के दौरान दोनों दिग्गजों के फैंस की टेंशन बढ़ गई. दरअसल, रोहित शर्मा और विराट कोहली बीच मैच मैदान छोड़ना पड़ा, जिसे देखकर हर कोई चौंक गया.
रोहित-विराट को क्या हुआ?
रोहित शर्मा और विराट कोहली को इस मैच के दौरान चोट का सामना करना पड़ा. जिसके चलते उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा. विराट कोहली ने बल्लेबाजी में अच्छा योगदान देते हुए 38 गेंदों पर 50 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. हालांकि, जब फील्डिंग की बारी आई तो विराट मैदान पर नहीं उतरे. रिपोर्ट्स के अनुसार, टखने की समस्या के कारण उन्हें मैदान से बाहर रहना पड़ा. यह चोट आरसीबी के लिए चिंता का विषय बन गई है, क्योंकि विराट टीम के अहम खिलाड़ी हैं और उनकी फील्डिंग में मौजूदगी हमेशा टीम को मजबूती देती है.
दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस की पारी के दौरान कप्तान रोहित शर्मा भी चोटिल हो गए. रोहित ने सिर्फ 13 गेंदों पर 19 रन बनाए और फिर रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ दिया. छठे ओवर के दौरान यह घटना हुई. रोहित दाहिने हैमस्ट्रिंग में दर्द की शिकायत कर रहे थे. उन्होंने मैदान पर ट्रीटमेंट भी लिया और घुटने पर पट्टी भी बंधवाई, लेकिन दर्द बढ़ने के कारण वह आगे नहीं खेल सके. रोहित रन लेते समय लंगड़ाते हुए भी नजर आए. यह मसल इंजरी न सिर्फ इस मैच में उनकी भागीदारी पर असर डाल सकती है, बल्कि आने वाले मैचों में भी रोहित की उपलब्धता पर सवाल खड़ा कर सकती है.











