MP का नया वन बल प्रमुख कौन? मुख्यमंत्री करेंगे नए नाम पर अंतिम फैसला, फरवरी में सेवानिवृत्त होंगे वीएन अंबाडे

भोपाल। मध्य प्रदेश के वन बल प्रमुख वीएन अंबाडे इस माह सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इसी के साथ नए वन बल प्रमुख की तलाश भी शुरू हो गई है। वर्तमान वन बल प्रमुख अंबाड़े अपना सात माह का कार्यकाल पूरा कर 28 फरवरी को सेवानिवृत्त होंगे। उनकी सेवानिवृत्ति के मद्देनजर विभाग में नए मुखिया की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
प्रमुख के पद के लिए तीन वरिष्ठ अधिकारियों का पैनल तैयार
नए वन बल प्रमुख की नियुक्ति के लिए तीन वरिष्ठ आइएफएस अधिकारियों के नामों का पैनल तैयार किया गया है। इसमें 89 बैच के आइएफएस अधिकारी एवं वन विकास निगम के प्रबंध संचालक एचयू खान, 90 बैच के आइएफएस अधिकारी एवं पीसीसीएफ अनुसंधान व विस्तार बिभाष कुमार ठाकुर तथा 91 बैच के मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक सुभरंजन सेन के नाम शामिल हैं। इन नामों का प्रस्ताव बनाकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष भेज दिया गया है।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक
इस नियुक्ति को लेकर मंत्रालय में मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में वन विभाग के प्रमुख सचिव संदीप यादव और वर्तमान वन बल प्रमुख वीएन अंबाड़े व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहे। वहीं, भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में हरियाणा के वन बल प्रमुख विनीत कुमार गर्ग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लेंगे अंतिम निर्णय
तैयार किए गए पैनल और बैठक के निष्कर्षों के आधार पर अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निर्णय करेंगे कि प्रदेश के वन बल की कमान किसे सौंपी जाएगी। प्रशासनिक हलकों में इन तीनों ही नामों को लेकर चर्चाएं गर्म हैं, क्योंकि वन विभाग के आगामी लक्ष्यों और नीतियों के क्रियान्वयन में नए प्रमुख की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।

close