बहराइच में हाथी के हमले में बाइकसवार महिला की मौत, साथ बैठे दो बेटे घायल

बहराइच: यूपी के जनपद बहराइच के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग अंतर्गत बिछिया-मिहीपुरवा मार्ग पर टस्कर हाथी के हमले में एक बाइकसवार महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका बेटा व साथ बैठा बेटा घायल हो गया. लखीमपुर खीरी जिले के पारस पुरवा गांव निवासी मुन्नी देवी 45 पत्नी विक्रम निषाद अपने दो बेटों बड़ा करन 17 व छोटा बेटा अर्जुन 15 साल के साथ बाइक से इलाज के लिए मिहीपुरवा की ओर खालेपुरवा नामक गाँव गई थी.
दोपहर 3 बजे के करीब जब वे लोग मिहीपुरवा-बिछिया हाईवे मार्ग से होकर वापस घर लौट रहे थे. तभी निशानगाड़ा बिछिया के बीच सड़क के बीचोबीच बाइक के सामने अचानक टस्कर हाथी निकल पड़ा, जिसने बाइक पर हमला कर दिया. हमले के बाद राहगीरों के निकलने पर हाथी मौके से हट गया, जिसके बाद बिछिया निवासी गोले कुरैशी व आम्बा निवासी वारिश अली ने सवारी बस से घायलों को बिछिया निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया.
निजी चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया. जबकि महिला के दोनों बेटे घायल हैं, जिनके हाथ और शरीर में गंभीर चोटें आई है. हमला निशानगाड़ा रेंज का है या कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत का है. ये कन्फर्म नही हो सका है. लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुची है लोगों को सतर्क किया जा रहा है.











