धमतरी: प्रेम प्रसंग में आत्मघाती कदम, युवक और नाबालिग युवती ने आम के पेड़ पर लगाई फांसी

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र सिहावा से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। नगरी ब्लॉक के ग्राम मौहाबाहरा में एक प्रेमी जोड़े ने पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस दोहरे सुसाइड की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच हड़कंप का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह जब ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों के लिए निकले, तब उन्होंने गांव के पास एक आम के पेड़ पर युवक और युवती के शव फंदे से लटकते देखे। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और तत्काल इसकी सूचना सिहावा पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाए। शिनाख्त के दौरान मृतक युवक की पहचान मानेश मरकाम के रूप में हुई है, जो गेंदाभर्री गांव का निवासी था। वहीं, मृतिका मौहाबाहरा गांव की रहने वाली थी, जिसकी उम्र नाबालिग बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को फंदे से उतारकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है। आशंका जताई जा रही है कि सामाजिक या पारिवारिक दबाव के चलते दोनों ने यह खौफनाक कदम उठाया होगा.हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है.पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.









