बिलासपुर में करंट से हो गई युवक की मौत, शिकारियों ने मामला दबाने जंगल में जला दी लाश

बिलासपुर के करपिहा जंगल में एक युवक की जली हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जांच में खुलासा हुआ कि युवक की मौत शिकारियों द्वारा बिछाए गए करंट की चपेट में आने से हुई थी। मामले को छिपाने के लिए शिकारियों ने शव को घने जंगल में ले जाकर जला दिया।

जानकारी के अनुसार, कोटा क्षेत्र के करपिहा जंगल में ग्रामीण लकड़ियां लेने गए थे, तभी उन्हें वहां से तेज दुर्गंध आई। जब ग्रामीण उस दिशा में पहुंचे, तो उन्होंने एक युवक की जली हुई लाश देखी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच के दौरान वहां से जीआई तार भी बरामद हुए, जिससे करंट लगाने की बात सामने आई।

पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ की तो पता चला कि तखतपुर क्षेत्र के छिरहापारा धुमा निवासी अयोध्या सिंह खुसरो (35) 29 अक्टूबर से लापता था। स्वजन को बुलाकर शव की पहचान कराई गई। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि जंगल में जानवरों को मारने के लिए शिकारियों ने करंट बिछाया था। उसी में फंसकर अयोध्या की मौत हो गई।

मामले को दबाने के लिए आरोपियों ने शव को जलाने की कोशिश की। पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है और अन्य लोगों की तलाश जारी है। जांच अधिकारी ने बताया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।