सीधी: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, अस्पताल में परिजनों का हंगामा; मददगार ढाबा संचालक पर लगे आरोप

सीधी: जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजडिहा में बीती रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई. घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया. हंगामे की खबर मिलने पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया, मृतक के परिजनों से बातचीत के बाद उन्हें न्याय का भरोसा दिलाते हुए हंगामे को शांत कराया गया.

गौरतलब हो कि राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के रजडिहा गांव में एक ढाबे के सामने से बाइक पर जा रहे विजय बहादुर साकेत को सामने से आ रही एक अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार रफू चक्कर हो गया. मौके पर मौजूद ढाबा संचालक सहित अन्य लोगों ने घायल को उसी की बाइक से उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया और घटना के संबंध में परिजनों को सूचित किया गया. जहां उसकी उपचार के दौरान दूसरे दिन मौत हो गई, जिससे नाराज परिजनों ने ढाबा संचालक पर ही आरोप लगाने लगे. हालांकि पुलिस ने घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज भी निकलवा लिया है, जिसमें घटना के कारणों को साफ देखा जा सकता है.

मदद करके संकट में आ गया ढाबा संचालक

सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक चालक को घटनास्थल से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाना अब उसके लिए ही भारी पड़ गया. मृतक के परिजनों द्वारा ढाबा संचालक को दोषी ठहराया जा रहा है. सवाल यह उठता है कि अगर मानवता दिखाने वाले लोगों के ऊपर ही इस तरह के आरोप लगाए जाएंगे तो फिर मदद के लिए कौन सामने आएगा. हालांकि कोतवाली पुलिस ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए ढाबा संचालक को दोषी नहीं ठहराया है.

बीती रात एक अज्ञात वाहन से बाइक सवार युवक को टक्कर लगने से गंभीर चोटें आई थीं, जिसे घायल अवस्था में ढाबा संचालक द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया है. मौके का सीसीटीवी फुटेज भी आ गया है. सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

अभिषेक उपाध्याय, निरीक्षक, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली

close