शादी का दबाव बनाने पहुंचे युवक ने लड़की के पिता पर की फायरिंग, बाल-बाल बचे

कोरबा के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दोंदरो के आश्रित संगम नगर में शादी का दबाव बनाने पहुंचे एक युवक द्वारा नाबालिग लड़की के पिता पर गोली चलाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गनीमत रही कि गोली निशाने पर नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया।
संगम नगर निवासी मां लखन साहू की नाबालिग बेटी से इंदिरा नगर निवासी 22 वर्षीय साहिल एकतरफा प्रेम करता था। स्वजन का आरोप है कि युवक लंबे समय से युवती का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था, इसकी शिकायत पहले भी थाने में की जा चुकी थी।
बताया गया कि देर रात करीब 11 बजे साहिल अपने एक साथी के साथ युवती के घर पहुंचा और शादी के लिए दबाव बनाने लगा। पिता द्वारा विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान साहिल के साथी ने अपने पास रखी बंदूक से लखन साहू पर फायर कर दिया। गोली उन्हें नहीं लगी, बल्कि पास की दुकान के बंद शटर में जा धंसी। गोली की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साहिल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपित फरार हो गया।
बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि मामला एकतरफा प्रेम और उत्पीड़न से जुड़ा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा फरार सहयोगी की तलाश जारी है।











