गृह मंत्री अमित शाह से युधिष्ठिर लाल जी महाराज की मुलाकात, माता हासीदेवी जी की जयंती पर हुआ विशेष संवाद

नई दिल्ली, 02 जून 2026। शदाणी दरबार के नवम् पीठाधीश्वर परम पूज्य युधिष्ठिर लाल जी महाराज ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर महाराज श्री ने दरबार तीर्थ की पंचम पीठाधीश्वर परम पूज्य माता हासीदेवी जी की 200वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में प्रकाशित विशेष पुस्तिका एवं स्मृति-चिह्न (लोगो) गृह मंत्री को भेंट कर सम्मानित किया।
भेंटवार्ता के दौरान माता हासीदेवी जी के आध्यात्मिक, सामाजिक एवं मानव सेवा योगदान पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही जन्म जयंती वर्ष के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि भारत सरकार माता हासीदेवी जी की 200वीं जन्म जयंती के सम्मान में ₹200 का विशेष स्मारक सिक्का जारी करेगी, जो उनके जीवन मूल्यों और समाज सेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक होगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने शदाणी दरबार द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए जन्म जयंती समारोह की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
माता हासीदेवी जी की 200वीं जयंती को श्रद्धा और भक्ति के साथ देश-विदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।











