धमतरी में युवक से अमानवीय मारपीट, पैर छुआने और अपमानित करने का वीडियो वायरल

धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम खरतुली में एक युवक के साथ अमानवीय मारपीट का मामला सामने आया है। तीन युवकों ने कथित तौर पर नशे की हालत में युवक के साथ मारपीट की, उसके बाल खींचे, थप्पड़ और लात-घूंसे मारे तथा उसे अपमानित करते हुए जबरन पैर छूने और माफी मांगने के लिए मजबूर किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान 27 वर्षीय रूपेश साहू के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत है। आरोप है कि बदमाशों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर पूरी घटना का वीडियो बनाया। वायरल वीडियो में आरोपी युवक को गालियां देते, चप्पल से मारते और लगातार प्रताड़ित करते हुए दिखाई दे रहे हैं। एक अन्य वीडियो में आरोपियों द्वारा बेल्ट से मारने और धारदार हथियार निकालने की कोशिश करते हुए भी देखा जा सकता है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपियों की तलाश शुरू की और एक आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के पहुंचने तक ग्रामीणों ने उसे अपने कब्जे में रखा, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com