सिंहदेव बोले- बिलासपुर में पुलिस को समय रहते संभालनी चाहिए थी स्थिति: यूथ कांग्रेस चुनाव से वरिष्ठ नेताओं को दूर रहने की सलाह

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव दो दिवसीय दौरे पर जगदलपुर पहुंचे हैं। वे यहां आयोजित संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। इस दौरान उन्होंने यूथ कांग्रेस चुनाव, संगठन के प्रशिक्षण और बिलासपुर में हुई मारपीट की घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।

यूथ कांग्रेस चुनाव में वरिष्ठ नेताओं की भूमिका नहीं

टीएस सिंहदेव ने कहा कि यूथ कांग्रेस का चुनाव युवाओं के लिए है। इसमें वरिष्ठ नेताओं को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि पार्टी के उच्च नेतृत्व की ओर से भी संकेत दिए गए हैं कि बड़े नेताओं को इस चुनाव से दूर रहना है। सिंहदेव ने स्पष्ट किया कि यूथ कांग्रेस चुनाव में उनकी कोई भूमिका या योगदान नहीं है।

लगातार चलने वाली प्रक्रिया है प्रशिक्षण

सिंहदेव ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए प्रशिक्षण लगातार चलने वाली प्रक्रिया होनी चाहिए। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों से संपर्क बनाना और उनके बीच रहकर संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि जनता के साथ लगातार संपर्क में रहने से संगठन को निश्चित रूप से लाभ मिलता है।

बिलासपुर की घटना पर जताई चिंता

बिलासपुर में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना को सिंहदेव ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की हिंसा नहीं होनी चाहिए। सिंहदेव के मुताबिक उन्होंने सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो देखा है। वीडियो में मौके पर पुलिस की मौजूदगी दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस को समय रहते स्थिति को नियंत्रित करना चाहिए था।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close