बहराइच: अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई बाइक, शादी से लौट रहे दो युवक गंभीर घायल

बहराइच: खैरीघाट थाना क्षेत्र में शनिवार एक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. ये युवक एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, घायल दोनों लोगों के चिल्लाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भिजवाया जहां पर दोनों का इलाज किया जा रहा है. घायलों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है.

जानकारी के अनुसार, यह हादसा खैरीघाट क्षेत्र के लौकीहा गांव के पास हुआ. दुर्घटना में जंगलपुरवा, थाना हरदी निवासी अमृतलाल और सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों युवक लौकीहा गांव में एक बारात में शामिल होने के बाद अपने घर वापस जा रहे थे.

इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिवपुर पहुंचाया.

सीएचसी शिवपुर में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. सीएचसी शिवपुर के अधीक्षक डॉ. नलिन राजा ने बताया कि दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है.

close