औरंगाबाद: अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, चचेरे भाई की शादी में जा रहे युवक की मौत; दूसरे की हालत गंभीर

औरंगाबाद: नगर थाना क्षेत्र के पीपरडीह मोड़ के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. मृतक की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के चांद बिगहा निवासी अशोक चौधरी के 27 वर्षीय पुत्र दिलीप कुमार के रूप में की गई है. मृतक के भाई अरुन्जय कुमार ने बताया कि दिलीप चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहा था, साथ में मृत्युंजय कुमार भी था.
पीपरडीह मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृत्युंजय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घायल को अस्पताल पहुंचाया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाक्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. दिलीप तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था. करीब चार साल पहले उसकी शादी सोनी देवी से हुई थी. एक बेटा और एक बेटी है.
गांव में ही ऑनलाइन सेवा केंद्र चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. इस हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है. शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया. मामले की छानबीन की जा रही है.











