बिहार: दारोगा ने डॉक्टर से की थी बदतमीजी व गाली-गलौज, गालीबाज थानाध्यक्ष निलंबित!

दरभंगा: दारोगा ने डॉक्टर से की थी बदतमीजी व गाली-गलौज जिसमे दरभंगा SSP ने कहा- अभद्र भाषा से पुलिस की छवि होती है खराब, शहरवासियों से नो इंट्री व वन-वे नियम के पालन करने की अपील. वन-वे उल्लंघन के दौरान महिला डॉक्टर के ड्राइवर के साथ गाली-गलौज करने के मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक जगुन्नाथ रेड्डी ने बेंता थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। निलंबन अवधि में थानाध्यक्ष को पुलिस लाइन भेज दिया गया है.
एसएसपी ने बताया कि वायरल वीडियो में थाना प्रभारी द्वारा महिला डॉक्टर के ड्राइवर को बीच सड़क पर अशोभनीय और अभद्र भाषा में गालियां देते हुए सुना गया है। यहां तक कि ड्राइवर को उसके मां की भी गाली दी गई. महिला डॉक्टर द्वारा बार-बार संयम बरतने और नियमानुसार चालान काटने का अनुरोध किए जाने के बावजूद थाना प्रभारी का व्यवहार नहीं बदला.
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सदर एसडीपीओ-1 को जांच का आदेश दिया था। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद थानाध्यक्ष को निलंबित किया गया। एसएसपी ने कहा कि पुलिस पदाधिकारियों से अपेक्षा की जाती है कि वे आम नागरिकों के साथ संयमित और मर्यादित भाषा का प्रयोग करें। इस तरह का व्यवहार पुलिस की छवि को धूमिल करता है और किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है.
एसएसपी ने शहरवासियों से भी अपील की कि वे नो इंट्री और वन-वे यातायात नियमों का पालन करें ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, लेकिन किसी भी परिस्थिति में अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.











