सुकमा से विस्फोटक सामग्री के साथ 2 नक्सली गिरफ्तार, 5 लाख के इनामी थे दोनों

दक्षिण बस्तर में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। सुकमा जिले के चिंतलनार और गोमगुड़ा कैंप की संयुक्त टीम ने भीमापुरम के जंगलों से दो सक्रिय नक्सलियों को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों नक्सलियों पर कुल 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
गिरफ्तार नक्सलियों के पास से 9 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 5 जिलेटिन रॉड, 45 फीट कोर्डेक्स वायर, 55 मीटर इलेक्ट्रिक वायर और 14 फीट फ्यूज वायर बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि दोनों नक्सली IED लगाकर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की योजना में थे। दोनों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पकड़े गए नक्सलियों में ताती बंडी और पदाम हड़मा शामिल हैं। ताती बंडी मिलिशिया कमांडर है जिस पर 3 लाख का इनाम था, जबकि पदाम हड़मा डीएकेएमएस (DKAMS) अध्यक्ष है जिस पर 2 लाख का इनाम घोषित था। दोनों बीजापुर जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर को सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान भीमापुरम जंगल के पास दोनों नक्सली पकड़े गए। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि वे सुरक्षाबलों पर IED ब्लास्ट की साजिश रच रहे थे।
एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के खिलाफ लगातार सर्च ऑपरेशन तेज किया गया है। मुखबिर तंत्र को मजबूत बनाया गया है और नक्सल संगठन में सक्रिय तत्वों की पहचान कर कार्रवाई जारी है। उनका कहना है कि सुरक्षाबलों का अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि नक्सलियों की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।











