रायगढ़ में JSPL के डंप यार्ड से चोरी: 2 ट्रेलर समेत 1.20 करोड़ की संपत्ति जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में JSPL कंपनी के डंप यार्ड से लोहे का वेस्ट मटेरियल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से दो ट्रेलर, मोबाइल फोन और लोहे का वेस्ट मटेरियल मिलाकर कुल 1 करोड़ 20 लाख 36 हजार 600 रुपए की संपत्ति जब्त की है। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, जिंदल स्टील लिमिटेड, पतरापाली के जनसंपर्क विभाग के महाप्रबंधक हेमंत वर्मा ने पुलिस को रिपोर्ट दी थी कि ग्राम कलमी स्थित कंपनी के डंप यार्ड से लोहे का वेस्ट मटेरियल चोरी हुआ है। 26 अक्टूबर को सब कुछ सुरक्षित था, लेकिन 1 नवंबर को जांच में भारी मात्रा में मटेरियल गायब मिला।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एनएच-49 किनारे दो ट्रेलर खड़े हैं जिनमें वेस्ट मटेरियल लोड है। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़ा, जो भागने की कोशिश कर रहे थे। पूछताछ में उन्होंने चोरी की बात कबूल कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के सिंगधौरा निवासी कुशलराम यादव (36), बिलासपुर के रतनपुर निवासी शंभू यादव (29) और रायगढ़ के ग्राम कलमी निवासी लक्की कंवर (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो ट्रेलर, कुल 3,600 किलोग्राम वेस्ट लोहा और तीन मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी शंभू यादव से 60 लाख की ट्रेलर, जिसमें 1,500 किलोग्राम वेस्ट लोहा और एक मोबाइल मिला। कुशलराम यादव से 60 लाख की ट्रेलर, जिसमें 2,100 किलोग्राम वेस्ट मटेरियल और एक विवो मोबाइल बरामद किया गया। तीसरे आरोपी लक्की कंवर से वनप्लस मोबाइल जब्त किया गया। तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।











