मारपीट कर लूटपाट, 800 रुपये में बेचा चोरी का मोबाइल; 3 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मुर्गा व्यवसायी से मारपीट कर कैश और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूट का मोबाइल बरामद कर लिया है। वहीं वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी पहले से ही दूसरे लूट के मामले में जेल में बंद है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, सुभाष नगर बंगाली कॉलोनी निवासी सुमित सिकदार (35) मुर्गा बिक्री का व्यवसाय करता है। 17 मार्च को उसने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह तुमीडीह बाजार से मुर्गा बेचकर बाइक से घर लौट रहा था।

रात करीब 11.30 बजे उर्दना तिराहा के पास काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की, जेब में रखे मुर्गा बिक्री के 7 हजार रुपए और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

मोबाइल से पुलिस पहुंची आरोपियों तक

इस मामले की जांच के दौरान पुलिस को लूटे गए मोबाइल के इस्तेमाल में होने की जानकारी मिली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मोबाइल इस्तेमाल कर रहे आदित्य चौधरी (21) निवासी धांगरडीपा को हिरासत में लिया।

पूछताछ में उसने बताया कि उसने मोबाइल आशु बरेठ से मात्र 800 रुपए में खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया।

पूछताछ में खुला लूटकांड का राज

पुलिस ने आशु बरेठ (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपने साथियों आशीष महंत और श्याम बरेठ के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि उर्दना तिराहा-रामपुर मार्ग स्थित यादव होटल के पास सुनसान स्थान पर उन्होंने व्यवसायी को रोककर पैसे मांगे थे। विरोध करने पर मारपीट कर 7 हजार रुपए और पोको मोबाइल लूट लिया था।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक पहले से जेल में

पुलिस ने सह-आरोपी श्याम बरेठ (20) निवासी धांगरडीपा को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने भी अपराध स्वीकार कर लिया। वहीं मामले का एक अन्य आरोपी आशीष महंत पहले से ही लूटपाट के दूसरे मामले में गिरफ्तार होकर जेल में निरुद्ध है।

चोरी का सामान खरीदने वाले पर भी कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि चोरी या लूट की संपत्ति होने की जानकारी के बावजूद कम कीमत पर मोबाइल खरीदकर इस्तेमाल करने के कारण आदित्य चौधरी के खिलाफ भी धारा 317(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

SSP ने दी चेतावनी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। लूट, चोरी और राहजनी जैसे अपराधों से अर्जित संपत्ति को खरीदने, छिपाने या उपयोग करने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com