पटना में पढ़ाई करने गए 3 भाई बने गैंगस्टर, एनकाउंटर के बाद अकेले रह गए दिव्यांग माता-पिता

‘मेरे बेटे ललन, मनीष और रजनीश बहुत अच्छे थे। रजनीश को बैंक में नौकरी नहीं मिली तो रजनीश उदास हो गया था। इसके बाद ललन ने भाइयों के साथ अपराध की दुनिया में जाने का फैसला लिया और ब्रदर्स गैंग शुरू किया। रजनीश टीचर भी था, उसकी मैथ अच्छी थी। कोचिंग खोली थी, पर नौकरी नहीं मिली तो ललन के कहने पर बंद कर दिया।’
ये बातें यूपी के सहारनपुर में एनकाउंटर में मारे गए ललन के पिता शिवशंकर ने कही हैं। वे कहते हैं कि मनीष-रजनीश तो एनकाउंटर में पहले ही मारे गए। जब ललन मारा गया तो मुझे जानकारी नहीं थी। थाने से कुछ लोग आए, उन्होंने सूचना दी। हमें अब कोई देखने नहीं आता। हमारा जीवन भगवान भरोसे है।
लाचार पिता के 5 में से 2 बेटों का एनकाउंटर 4 साल पहले हुआ था
एनकाउंटर में ढेर ललन के पिता शिवशंकर समस्तीपुर के मोहिउद्ददीन नगर थाने के आनंदगोलवा गांव में रहते हैं। पहले वे किसानी का काम करते थे। उनके 5 बेटे ललन, मनीष, रजनीश, बबुआ सिंह और पत्थरु सिंह है। इनमें सबसे बड़ा बबुआ, उसके बाद पत्थरु, फिर ललन है। ललन से छोटा मनीष और सबसे छोटा भाई रजनीश।
मनीष और रजनीश का एनकाउंटर 2022 में यूपी के वाराणसी में हुआ था। ललन रविवार रात यूपी के सराहनपुर में मारा गया। वहीं, बबुआ अभी हत्या-लूट मामले में हाजीपुर जेल में बंद है। इसके अलावा पत्थरु परिवार के साथ पंजाब में रहता है। वहां वह निजी कंपनी में काम करता है। बाकी 3 बहनों की शादी हो चुकी है।
सत्तू-चूड़ा खाकर रह रहे दिव्यांग
शिवशंकर और उनकी पत्नी रेशमी देवी दिव्यांग हैं। शिवशंकर को वृद्धा पेंशन मिलती है। उसी पैसे से गुजारा करते हैं। शिवशंकर बताते हैं कि चूड़ा-सत्तू खाकर रहना पड़ता है।
कोई हमारी मदद नहीं करता है। समाज के लोग हमसे बात नहीं करते हैं। हम दोनों पति-पत्नी आपस में एक-दूसरे का सहारा हैं। सालों हो गए न बेटा हमें देखने आया और ना ही बेटियां देखने आई हैं।
समाज के लोग नफरत करते हैं
शिवशंकर बताते हैं कि हमारे बेटों की वजह से गांव-समाज के लोग हमसे नफरत करते हैं। हमें कोई पानी देने वाला भी नहीं है। गांव का खेत बटाई पर दे रखा है। वहां से भी थोड़े पैसे आ जाते हैं। घर को पता नहीं किसकी हाई लग गई है। कभी बीमार हो जाते हैं को तकलीफ और ज्यादा बढ़ जाती है। किसी तरह हम दोनों खुद का ध्यान रखते हैं। कई बार कोई दवा तक देने वाला नहीं रहता।
ललन ने 10 साल पहले की थी लव मैरिज
आसपास के ग्रामीण बताते हैं ललन ने 10 साल पहले लव मैरिज की थी। वह अपराध की दुनिया में आया तो उसकी पत्नी अपने मायके पटना के बाढ़ चली गई। ललन की एक बेटी और एक बेटा है। बाकी भाइयों की शादी नहीं हुई।
शिवशंकर बताते हैं कि सबसे छोटा भाई रजनीश अपनी कोचिंग से अच्छी कमाई कर रहा था। उसी पैसे उसने घर भी बनाया था। रजनीश का सपना था कि बैंक में काम करे।











