चेन्नई में फंसीं सीतापुर की 3 युवतियां: विधायक को लगाई मदद की गुहार, घर लौटने के लिए मांगे जा रहे 10-10 हजार रुपए

सरगुजा, 22 जून 2026। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र की तीन युवतियां तमिलनाडु के चेन्नई में फंस गई हैं। युवतियों ने सुरक्षित घर वापसी के लिए सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो से फोन पर संपर्क कर मदद की गुहार लगाई है। मामले की जानकारी मिलते ही विधायक ने पुलिस प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करने और युवतियों को सुरक्षित वापस लाने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम भरतपुर, बेलजोरा और बिनई की रहने वाली तीन युवतियों को करीब तीन महीने तक जशपुर में सिलाई का प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद बेहतर रोजगार और प्लेसमेंट का झांसा देकर उन्हें चेन्नई के कांचीपुरम ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि दो युवतियों और एक युवक ने प्लेसमेंट के नाम पर इन युवतियों को चेन्नई पहुंचाया था। अब जब युवतियां अपने घर लौटना चाहती हैं, तो उनसे 10-10 हजार रुपए की मांग की जा रही है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इतनी बड़ी रकम की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है।
विधायक को सुनाई आपबीती
परेशान युवतियों ने चेन्नई से ही विधायक रामकुमार टोप्पो को मोबाइल पर फोन कर पूरी स्थिति बताई और सुरक्षित घर वापस लाने की अपील की। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेने के निर्देश दिए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
सीतापुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवतियों को किस संस्था या एजेंसी के माध्यम से चेन्नई भेजा गया था। साथ ही प्लेसमेंट के नाम पर किसी प्रकार की धोखाधड़ी या मानव तस्करी की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन युवतियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के प्रयास में जुटा हुआ है।











