21.73 करोड़ की लागत से बनेगा 300 सीटर बालक छात्रावास:बिलासपुर में प्रमुख सचिव सोनमणी बोरा ने समीक्षा बैठक में दी जानकारी

बिलासपुर में 21.73 करोड़ रुपए की लागत से 300 सीटर बालक छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। यह जानकारी आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणी बोरा की ओर से बुलाई गई समीक्षा बैठक में दी गई। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को योजनाओं की निगरानी फील्ड पर जाकर करने के निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट में आयोजित इस बैठक में बिलासपुर संभाग सहित कुल 10 जिलों के अधिकारी शामिल हुए। इनमें बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, मुंगेली, कबीरधाम, रायगढ़ और कोरबा के अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर संजय अग्रवाल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल की भी मौजूदगी रही।

प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से कहा कि वे जनजातीय समुदाय के बीच जाकर योजनाओं की जानकारी दें और उनसे संपर्क व संवाद बढ़ाएं। उन्होंने जोर दिया कि शासन की योजनाओं का फायदा, तभी सार्थक होगा जब वह अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

15 नवंबर को मनाया जाएगा जनजातीय गौरव दिवस

सोनमणी बोरा ने यह भी कहा कि जनहित से जुड़ी इन योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर पूरे राज्य में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा।

इस अवसर पर जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा और संस्कृति के संरक्षण के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख सचिव ने बताया कि बिलासपुर जिले में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के शामिल होने की संभावना है।

इस दिन सभी आश्रमों और छात्रावासों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 19 और 20 नवम्बर को अंबिकापुर में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन की संभावना है।

स्कॉलरशिप का लाभ देना सर्वोच्च प्राथमिकता

सोनमणी बोरा ने कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ बैठक लेकर छात्रवृत्ति योजनाओं में प्रगति लाने कहा। उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिलना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि जरहाभाठा में 21.73 करोड़ की लागत से 300 सीटर अनुसूचित जाति बॉयज हॉस्टल बनाया जाएगा। इसके साथ ही 300 सीटों की क्षमता वाला गर्ल्स हॉस्टल बनाने की कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है।

close