सावन महोत्सव में 500 परिवारों ने अपनाई सनातन परंपरा : प्रबल प्रताप जूदेव ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराई घर वापसी

शिवरीनारायण (जांजगीर-चांपा), 11 अगस्त 2026

शिवरीनारायण के तेंदुवाधाम स्थित राम मिलेंगे आश्रम में सावन महोत्सव के तहत सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजकों के अनुसार 500 धर्मांतरित परिवारों की विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सनातन धर्म में घर वापसी कराई गई।

कार्यक्रम का आयोजन राम मिलेंगे आश्रम, कुमार दिलीप सिंह जूदेव सनातन फाउंडेशन और सेवा न्याय उत्थान के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान अखिल भारतीय घर वापसी अभियान प्रमुख एवं भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने पूजा-अर्चना और पारंपरिक धार्मिक संस्कारों के बाद शामिल परिवारों को सनातन परंपरा से पुनः जुड़ने की प्रक्रिया पूरी कराई।

पिता के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही

प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि उनके पिता कुमार दिलीप सिंह जूदेव ने घर वापसी अभियान की शुरुआत दृढ़ संकल्प और समर्पण के साथ की थी। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा, धर्म जागरण और अपनी जड़ों से दूर हुए परिवारों को सम्मानपूर्वक मूल परंपरा से जोड़ना उनके जीवन का संकल्प है।

उन्होंने कहा कि सनातन धर्म भारत की आत्मा, संस्कृति और जीवन दर्शन है। अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ना प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है और घर वापसी अभियान इसी सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रयास है।

भगवान शिव पर टिप्पणी को लेकर जताया आक्रोश

कार्यक्रम के दौरान जूदेव ने भगवान शिव पर कथित अशोभनीय टिप्पणी को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सनातन की आस्था और संस्कृति को चुनौती देने वालों को इसका परिणाम भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि “सनातन को छेड़ा है, अब सनातन तुझे छोड़ेगा नहीं।”

उन्होंने आगे कहा कि अधर्म और सनातन विरोधी कृत्यों का परिणाम समय स्वयं दिखाता है। इस दौरान उन्होंने भगवान विष्णु के सुदर्शन चक्र का उदाहरण देते हुए अहंकार के पतन की बात कही।

कार्यक्रम में धर्माचार्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। आयोजन के दौरान सवा लाख पार्थिव शिवलिंग पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न हुए। कई गणमान्य लोग और सामाजिक कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com