बिहार में डूबने से 7 बच्चों की मौत:पटना में 7 बहनें गंगा में डूबीं, 2 शव मिले-3 को बचाया गया; कटिहार में 3 लड़कों की मौत

सावन के तीसरे सोमवार पर पटना और कटिहार में डूबने से 7 बच्चों की मौत हो गई। इनमें 4 लड़कियां और 3 लड़के हैं। 3 लड़कियों के शव मिले हैं, जबकि एक लापता हैं।
पटना में सोमवार सुबह गंगा स्नान के लिए गई 7 बच्चियां डूब गईं। 3 बहनों के शव मिले हैं। 3 को स्थानीय लोगों ने बचाया लिया है।
घटना बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रानीसराय गांव के पास हुई। सभी सावन की सोमवारी पर सुबह करीब 5 बजे नहाने गई थीं।
इधर, कटिहार में कमला नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तीनों बच्चे नदी में डुबकी लगाने गए थे। चार बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रानीसराय गांव की सात बच्चियां सावन की सोमवारी पर गंगा स्नान करने के लिए नदी किनारे पहुंची थीं। स्नान करने के दौरान एक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगी।
उसे बचाने के लिए बाकी बच्चियां भी आगे बढ़ीं। सभी डूबने लगींं। बच्चियों को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर बचाव शुरू किया।
काफी प्रयास के बाद तीन बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि चार डूब गईं।
बांस फेंककर 3 लड़कियों को बचाया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नहाने गई सभी बच्चियां जब डूब रही थीं तो दूसरे गांव के एक व्यक्ति ने उन्हें बचाने के लिए बांस को फेंका।
इस बांस को पकड़कर 3 बच्चियां नदी से बाहर आ गई, लेकिन 4 लड़कियां नदी में बह गईं।
घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। SDRF के 6 जवान और 2 गोताखोर मिलकर लापता बच्चियों को तलाश रहे हैं।
मरने वालों में 2 सगी बहनें
सभी बच्चियां पूर्व मुखिया किरण देवी के परिवार की हैं और आपस में बहनें थी। अवधेश, कमलेश और मंटू चंद्रवंशी भाई हैं और इन्हीं की बेटियां गंगा स्नान के लिए गई थीं।
मृतकों में आरती कुमारी और नंदनी कुमारी सगी बहनें थीं। फिलहाल नंदनी और राधिका का शव मिला है। आरती और बबली कुमारी लापता है। मृतकों की उम्र 14 से 17 साल के बीच की है।
लापता बच्चियों के भाई रूपेश ने बताया, सुबह मेरी बहनें और करीब 6-7 लोग मिलकर गंगा नहाने आई थी। गहरे पानी में जाने से एक डूबने लगी। उसे बचाने के लिए बाकी लोग भी आगे गए और सभी डूबने लगे।
लोग बोले- बालू खनन के कारण हादसा हुआ
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बालू के अवैध खनन के कारण ही गंगा मे 10 से 15 फीट के गड्ढे हो गए हैं। जिससे पानी की गहराई बढ़ गई है।











