वेस्ट बैंक में मौत की सजा कानून पर 7 मुस्लिम देशों की इजराइल को कड़ी चेतावनी

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच सात मुस्लिम देशों ने इजराइल के वेस्ट बैंक में मौत की सजा से जुड़े नए कानून का कड़ा विरोध किया है। इन देशों ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और मानवाधिकारों का उल्लंघन बताते हुए संयुक्त बयान जारी किया है।
पाकिस्तान, तुर्किये, मिस्र, इंडोनेशिया, जॉर्डन, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्रियों ने इस कानून की निंदा करते हुए कहा कि यह कदम क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा सकता है। उनके अनुसार यह कानून विशेष रूप से फिलिस्तीनियों के खिलाफ इस्तेमाल किए जाने की आशंका पैदा करता है और इससे मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन हो सकता है।
संयुक्त बयान में कहा गया कि इजराइल की संसद द्वारा पारित यह कानून वेस्ट बैंक में रहने वाले फिलिस्तीनियों पर भेदभावपूर्ण तरीके से लागू हो सकता है। इससे पहले से ही संवेदनशील स्थिति और अधिक बिगड़ने की संभावना है।
इन देशों ने चेतावनी दी कि इस तरह के कदम शांति प्रक्रिया को कमजोर करते हैं और मध्य पूर्व की स्थिरता के लिए खतरा बन सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि फिलिस्तीनी कैदियों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार, यातना और बुनियादी अधिकारों के उल्लंघन की रिपोर्ट्स चिंताजनक हैं।
सात देशों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मामले में हस्तक्षेप करने और जवाबदेही तय करने की अपील की है। साथ ही इजराइल से ऐसे कदमों से बचने को कहा है, जो क्षेत्र में तनाव और बढ़ा सकते हैं।









