पाकिस्तान का अनोखा टैलेंट! लाइव टेस्ट में ड्राइवरलेस कार ने किया ऐसा कांड; VIDEO देख नहीं रुकेगी हंसी

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ड्राइवरलेस कार का लाइव टेस्ट उस वक्त भारी पड़ गया जब इंटरनेट कनेक्शन टूटने से गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे पुलिस की वैन से जा टकराई. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है.

इस्लामाबाद के डी-चौक में हुआ लाइव टेस्ट

इस्लामाबाद के व्यस्त डी-चौक इलाके में एबटाबाद के रहने वाले एक युवा टेक एक्सपर्ट एहसान जफर ने रिमोट और इंटरनेट से चलने वाली यह ड्राइवरलेस कार बनाई थी. इस तकनीक को दिखाने के लिए पत्रकार मुहम्मद आलिजाह खुद पैसेंजर सीट पर बैठकर उसका वीडियो बना रहे थे. शुरुआत में सब कुछ ठीक ठाक चल रहा था और कार आराम से आगे बढ़ रही थी.

अचानक इंटरनेट रुकने से बिगड़ा कंट्रोल

तभी अचानक इंटरनेट और सैटेलाइट का कनेक्शन बीच में ही टूट गया, जिससे कार चलाने वाले ऑपरेटर का उस पर से कंट्रोल खत्म हो गया. कनेक्शन कटते ही कार का स्टीयरिंग और ऑटोमैटिक सिस्टम पूरी तरह बेकाबू हो गया. वायरल वीडियो में पत्रकार आलिजाह कार को रोकने के लिए हैंडब्रेक खींचते हुए भी दिखाई दे रहे हैं, लेकिन उनकी यह कोशिश काम नहीं आई और कार सड़क किनारे खड़ी पुलिस वैन में जा घुसी.

वीडियो वायरल होने के बाद पत्रकार आलिजाह ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए कहा कि उनका मकसद किसी युवा इनोवेटर की मेहनत का मजाक उड़ाना बिल्कुल नहीं था, बल्कि यह नई तकनीक को लेकर एक बहुत बड़ा सबक है. उन्होंने माना कि अगर यही तकनीकी खराबी किसी भरी-पूरी सड़क पर होती, तो नतीजे बहुत ज्यादा खतरनाक हो सकते थे. इस हादसे के बाद अब इंटरनेट पर नई तकनीक की सुरक्षा और उसके इस्तेमाल को लेकर लंबी बहस छिड़ गई है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close