रायगढ़ में कोटवार से 70 हजार की लूट: बैंक से पैसे निकालकर लौटते वक्त बदमाशों ने छीना थैला, जांच जारी

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां दो अज्ञात बदमाशों ने गांव के कोटवार से 70 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। यह घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र के कोतबा बाईपास रोड की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मुकडेगा निवासी 57 वर्षीय अर्जुन दास महंत अपने साथी मदनलाल भगत के साथ सोमवार को लैलूंगा स्थित अपेक्स बैंक गया था। अर्जुन ने अपने खाते से घरेलू खर्च के लिए 70 हजार रुपये निकाले और उन्हें एक कपड़े के थैले में रख लिया। थैले में पासबुक, आधार कार्ड, जमीन का पट्टा और मंडी के कागजात भी थे। दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।

दोपहर करीब डेढ़ बजे जब वे कोतबा बाईपास पर संतोष सतपथी के घर के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उनका पीछा किया। इनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था और दूसरे ने चेहरे पर कपड़ा बांधा था। बदमाशों ने अचानक अर्जुन के हाथ से थैला छीन लिया और कोतबा रोड की ओर भाग निकले। अर्जुन और मदनलाल ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी फरार हो गए।

कुछ दूरी पर उन्हें थैला और कागजात मिले, जिन्हें बदमाश रुपए निकालकर फेंक गए थे। सुराग न मिलने पर अर्जुन ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आसपास के CCTV कैमरे खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

close