94.29 लाख पेंशनधारियों के खातों में पहुंचे 1096 करोड़ रुपए:मुख्यमंत्री सम्राट ने DBT से जारी किया मई माह की पेंशन, जिला-प्रखंड स्तर पर विशेष कार्यक्रम

बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT के माध्यम से मई माह की पेंशन राशि का हस्तांतरण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बताया गया कि राज्य के 94.29 लाख पेंशनधारियों के खातों में कुल 1096.44 करोड़ रुपये की राशि सीधे भेजी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, ‘सरकार वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, विधवाओं और अन्य पात्र लाभार्थियों को समय पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।’

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राज्यभर के जिला एवं प्रखंड मुख्यालयों में किया गया, जहां बड़ी संख्या में पेंशनधारियों ने भाग लेकर राशि अंतरण कार्यक्रम को देखा और सुना।

जिला मुख्यालयों में जुटे पेंशनधारी

जिला मुख्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर सभी पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को बुलाया गया था। कार्यक्रम के दौरान पेंशनधारियों ने मुख्यमंत्री द्वारा किए जाने वाले पेंशन राशि अंतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और सुना।

प्रखंड स्तर पर भी हुआ आयोजन

राज्य सरकार ने केवल जिला मुख्यालयों तक ही कार्यक्रम को सीमित नहीं रखा है। सभी प्रखंड मुख्यालयों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। इन कार्यक्रमों में प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) और अन्य संबंधित अधिकारी लाभार्थियों के साथ उपस्थित रहे।

निदेशक ने जिलाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा था कि सभी पात्र पेंशनधारियों को कार्यक्रम की जानकारी मिले और वे इसमें शामिल हो सकें।

टीवी स्क्रीन, कुर्सी और पेयजल की व्यवस्था

कार्यक्रम स्थलों पर लाभार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थी। सभी आयोजन स्थलों पर मुख्यमंत्री के संबोधन और डीबीटी कार्यक्रम के प्रसारण को देखने के लिए टीवी स्क्रीन या अन्य उपयुक्त व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा लाभार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियां, स्वच्छ पेयजल, फ्लेक्स-बैनर और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com