पीडीए पर ओपी राजभर का हमला, बस्ती घटना को लेकर अखिलेश यादव पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने बस्ती जिले की एक घटना को लेकर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा के ‘पीडीए’ नारे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब इसका मतलब ‘पीट देगा अशफाक’ हो गया है। राजभर ने आरोप लगाया कि सपा के एमवाई (मुस्लिम-यादव) समीकरण में अब यादव समाज खुद को सबसे अधिक उपेक्षित और असुरक्षित महसूस कर रहा है।
बस्ती की घटना का दिया हवाला
ओपी राजभर ने दावा किया कि बस्ती जिले में अशफाक नाम के व्यक्ति ने एक गर्भवती यादव महिला के साथ कथित मारपीट की, जिससे उसके अजन्मे बच्चे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हुई। उन्होंने कहा कि घटना के बाद पीड़ित परिवार को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। इसी मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी की राजनीति पर सवाल उठाए और अखिलेश यादव से इस मुद्दे पर जवाब देने की मांग की।
कैराना पलायन का भी किया जिक्र
राजभर ने अपने बयान में कैराना पलायन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में ऐसी परिस्थितियां दोबारा बनने नहीं दी जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार किसी भी पीड़ित परिवार को पलायन करने के लिए मजबूर नहीं होने देगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का भी जिक्र करते हुए कहा कि यदि वे आज जीवित होते तो ऐसी घटनाओं से दुखी होते। साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव से तुष्टिकरण की राजनीति छोड़कर सभी वर्गों के साथ समान व्यवहार करने की अपील की।











