96 घंटे का मेगा ऑपरेशन: रायपुर पुलिस का नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, हिस्ट्रीशीटर समेत 8 गिरफ्तार

रायपुर, 11 जून 2026। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 96 घंटे के विशेष अभियान में हिस्ट्रीशीटर समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान हेरोइन, एमडी ड्रग्स, गांजा और नशीली गोलियों की बड़ी खेप जब्त की गई। वहीं 4 आर्म्स एक्ट के मामलों में भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम काम्बले के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और विभिन्न थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस के मुताबिक कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद अब तक एनडीपीएस एक्ट के 49 मामलों में 113 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और 2.63 करोड़ रुपए से अधिक का मादक पदार्थ जब्त किया गया है।
बस स्टैंड के पास हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार
भाठागांव नया बस स्टैंड के पास पुलिस ने हरप्रीत सिंह मट्टू और ऋषि साहू को 8.75 ग्राम हेरोइन और नकदी के साथ गिरफ्तार किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.72 लाख रुपए बताई गई है।
हिस्ट्रीशीटर अफसर कादर एमडी ड्रग्स के साथ दबोचा गया
सिविल लाइन क्षेत्र में पुलिस ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अफसर कादर को 5 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, छेड़छाड़ और दुष्कर्म समेत दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
नशीली गोलियों का कारोबार करते पकड़ा गया आरोपी
न्यू राजेंद्र नगर इलाके में महावीर जैन को 198 नाइट्राजेपाम टैबलेट, मोबाइल और नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया। जब्त सामान की कीमत करीब 90 हजार रुपए आंकी गई है।
गांजा तस्करी में बाल अपचारी भी शामिल
खमतराई इलाके में पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को 1.8 किलो गांजा और मोबाइल फोन के साथ पकड़ा। वहीं सिविल लाइन में मीर कुरैशी उर्फ विक्की और एक अन्य बालक को नशीली गोलियां बेचते गिरफ्तार किया गया।
सरोना में गांजे के साथ युवक गिरफ्तार
डीडी नगर थाना क्षेत्र के सरोना में पुलिस ने गुलाब कंडरा को 1.2 किलो गांजा और नकदी के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के लोकल नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











