Real11 गेमिंग ऐप पर शिकंजा… दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR, जानें क्या लगे आरोप

ऑनलाइन फैंटेसी स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म के नाम पर कथित साइबर और वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने FIR दर्ज की है. पुलिस ने Real11 Fantasy Sports LLP के खिलाफ एक्शन लिया है. तिहाड़ कोर्ट के वकील अजय कुमार कसाना ने शिकायत में आरोप लगाया है कि इस पूरे मामले में उन्हें चार करोड़ 34 लाख रुपये से ज्यादा का वित्तीय नुकसान हुआ है.
शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान Real11 ऐप पर करीब एक करोड़ 39 लाख रुपये जमा किए थे. आरोप है कि ऐप के डैशबोर्ड पर उन्हें करीब एक करोड़ 31 लाख रुपये की जीत दिखाई गई, लेकिन वह पूरी रकम निकाल नहीं सके. शुरुआत में करीब 26 लाख रुपये निकालने की अनुमति मिलने की बात शिकायत में कही गई है.
दो लोगों के नाम आए सामने
वकील अजय कुमार कसाना ने शिकायत में आरोप लगाया कि बाद में उनके गेमिंग अकाउंट का एक्सेस बंद हो गया और डैशबोर्ड में बदलाव कर सही ट्रांजैक्शन और जीत की जानकारी तक पहुंच रोक दी गई. शिकायत में Real11 प्लेटफॉर्म से जुड़े बताए गए ललित यादव और अमित यादव का नाम सामने आया है. FIR में अन्य आरोपियों को अज्ञात बताया गया है.
Paytm और HDFC से ट्रांजैक्शन
दर्ज FIR में मार्च और जुलाई 2025 के दौरान Paytm और HDFC Bank से जुड़े कई डेबिट कार्ड ट्रांजैक्शन का विवरण दिया गया है. पुलिस इन ट्रांजैक्शन और रकम के पूरे रिकॉर्ड की जांच करेगी. शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत National Cyber Crime Reporting Portal और गाजियाबाद पुलिस में भी की थी. FIR में कई NCRP शिकायतों का भी उल्लेख है.
कई धाराओं में केस दर्ज
शिकायतकर्ता ने BNSS की धारा 175(3) के तहत तिहाड़ कोर्ट में आवेदन दिया था. 15 सितंबर 2026 के आदेश के बाद FIR दर्ज करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी और 18 सितंबर को स्पेशल सेल में केस दर्ज हुआ. पुलिस ने BNS की धारा 316, 318 और 3(5), IT Act की धारा 43 और 66 तथा Delhi Public Gambling Act की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया है. मामले की जांच इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह को सौंपी गई है.











