धमतरी: फर्जी कार्ययोजना तैयार कर 30 लाख निकाले, ग्रामीणों ने पूर्व सरपंच के खिलाफ कलेक्टर से की शिकायत

धमतरी: सिवनीकला के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में विरोध किया. ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व सरपंच ने वर्ष 2024-25 के पंचायत चुनाव में आचार संहिता लागू होने से महीनेभर पहले पंचों को जानकारी दिए बिना राशि आहरित कर ली. गांव में कोई भी काम जमीन पर नहीं हुआ. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व सरपंच ने फर्जी कार्ययोजना बनाकर 30 लाख अनुचित तरीके से निकाले.
मंगलवार को कुरूद ब्लॉक के सिवनीकला के जनपद सदस्य टेकराम साहू और टकेश्वर चन्द्राकर ने कलेक्टर को शिकायत की. बताया बकलीपारा इलाके में 5 लाख की लागत से प्रस्तावित सोलर पेयजल टंकी का निर्माण अब तक नहीं हुआ, हालांकि राशि आहरित कर ली गई है. महावीर चौक पर लगने वाली सोलर मास्ट लाइट का 1 लाख 14 हजार का भुगतान भी हो गया, लेकिन काम नहीं हुआ. गांव में पेयजल नलजल योजना के लिए भी 2 लाख 50 हजार खर्च दिखाए गए हैं, लेकिन यह काम भी आज तक पूरा नहीं हो पाया है. वाटर हार्वेस्टिंग की आड़ में 80 हजार रुपए निकाले.
ग्रामीण टकेश्वर चंद्राकर, भूखण लाल, पुरुषोत्तम, सुरेश साहू और तोरण लाल ने आरोप लगाया कि प्राथमिक शाला में रेन वाटर हार्वेस्टिंग के नाम पर बिना किसी काम के ही 80 हजार निकाल लिए गए. हायर सेकंडरी और प्राथमिक शाला की पेयजल व्यवस्था के लिए भी अलग से 80 हजार रुपये खर्च दिखाए गए. शौचालय निर्माण को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं. ग्रामीणों ने बताया कि 3 लाख की लागत से बने शौचालय का अभी तक कोई उपयोग नहीं हुआ.











