जशपुर में पारिवारिक विवाद में मां की पिटाई से मौत, बेटा गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान एक बेटे ने अपनी मां की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह घटना सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम महुआ कापुटोली की है।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम आरोपी बेटा अपनी मां के साथ किसी बात को लेकर विवाद में उलझ गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने गुस्से में आकर मां की पिटाई कर दी। परिजनों ने किसी तरह घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सन्ना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मां-बेटे के बीच घरेलू विवाद लंबे समय से चल रहा था। इसी विवाद ने तूल पकड़ लिया और बेटे ने गुस्से में यह कदम उठा लिया।
पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने जुर्म को कबूल किया है। पुलिस ने बताया कि उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पारिवारिक विवादों को बातचीत से सुलझाया जाना चाहिए, न कि हिंसा का रास्ता अपनाना चाहिए।











