सक्ती जिले के बाराद्वार गौठान में अव्यवस्था:नेता प्रतिपक्ष बोले- 400 गौवंशों में 200 ही बचे; चारा-उपचार की कमी, आधे पशु बीमार

सक्ती जिले के बाराद्वार स्थित गौठान में लगभग 200 गौवंशों की मौत का कथित मामला सामने आया है। नेता प्रतिपक्ष अभिषेक राय का आरोप है कि नगर पंचायत की ओर से संचालित इस गौठान में कुल 400 गौ वंश रखे गए थे, जिनमें से अब केवल आधे ही बचे हैं। बाकी बचे पशुओं में भी कई गंभीर रूप से बीमार हैं।

नेता प्रतिपक्ष आरोप है कि चारा और उपचार की कमी के कारण इतनी बड़ी संख्या में पशुओं की मौत हुई है। पूर्व सरकार की गौठान योजना के तहत पशुओं की देखरेख, चारा और उपचार की जिम्मेदारी तय थी। शेड निर्माण के लिए पैसे न मिलने पर तत्कालीन नगर पंचायत अध्यक्ष रेशमा सूर्यवंशी ने अपनी निधि से शेड बनवाया था।

मृत पशुओं को गौठान परिसर के पास दफनाया

स्थानीय चरवाहे मालिक राम ने बताया कि गौठान में पहले लगभग 400 गायें थीं, जिनमें से करीब 200 की बीमारी से मौत हो चुकी है। कई पशु अभी भी बीमार हैं। मृत पशुओं को गौठान परिसर के पास ही दफनाया जा रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने की कार्रवाई की मांग

नेता प्रतिपक्ष अभिषेक राय ने कहा कि पूर्व अध्यक्ष रेशमा सूर्यवंशी ने गौठान बनाया था। शासन की ओर से गौठान में गायों के लिए कोई भी व्यवस्था नहीं की गई है। पहले यहां करीब 450 गाय थीं। जो कि अब 200 हो गई है। बाकियों की भूख-प्यास और बीमारी मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि जिन्हें गौठान की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वो चारा-पानी की व्यवस्था नहीं कर रहे हैं। जो गौठान का संचालन कर रहे हैं उनके खिलाफ गौ हत्या का केस दर्ज होना चाहिए। केस दर्ज नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। साथ ही थाने का भी घेराव किया जाएगा।

इस मामले पर नगर पंचायत बाराद्वार के सीएमओ पुनीत वर्मा ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी मिली है और वे इस संबंध में पता करवा रहे हैं।

close