सारंगढ़ में लूट का फरार आरोपी गिरफ्तार: 5 लाख के सोने-चांदी के जेवर और नगदी बरामद, दो साथी पहले ही जा चुके जेल

छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिटी कोतवाली पुलिस ने लूट के एक फरार आरोपी चंद्रभान सिदार (निवासी जोगीडीपा) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 5 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और नगदी बरामद की है। यह बरामदगी लूट के शत प्रतिशत माल की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई एसपी आजनेय वार्ष्णेय और एएसपी निमिषा पांडेय के निर्देश पर गठित टीम द्वारा की गई। थाना प्रभारी कामिल हक के मार्गदर्शन में पुलिस ने 7 नवंबर 2025 को आरोपी को पकड़ा और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
मामला 4 नवंबर 2025 का है, जब प्रार्थिया रमशीला चौहान (निवासी सराईपाली) ने थाना सारंगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके घर में हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने घुसकर करीब 6 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नगदी की लूट की थी। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 583/25, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही इस वारदात में शामिल दो आरोपियों सुकेश कुमार सिदार (27) और पुरुषोत्तम सिदार (26), दोनों निवासी जोगीडीपा, को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उनके पास से भी सोने-चांदी के कुछ जेवर बरामद किए गए थे।
पुलिस के अनुसार, चंद्रभान सिदार वारदात के बाद से फरार चल रहा था और लगातार ठिकाने बदल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
अधिकारियों ने बताया कि लूट में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब मामले की चार्जशीट जल्द ही अदालत में पेश की जाएगी। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस गिरोह के और सदस्य अन्य जिलों में भी सक्रिय हैं।
इस कार्रवाई के बाद एसपी आजनेय वार्ष्णेय ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनता के सहयोग और त्वरित कार्रवाई से अपराध पर लगाम लगाने में सफलता मिल रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों को जड़ से खत्म किया जा सके।











