भिलाई में बड़ा हादसा: मेडिकल कॉलेज की निर्माणाधीन बिल्डिंग की सेंटरिंग गिरी, 9 मजदूर घायल — दो की हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस

छत्तीसगढ़ के भिलाई में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। अभिषेक मिश्रा मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर के सामने बन रही नई बिल्डिंग की ढलाई के दौरान सेंटरिंग गिर गई, जिससे 9 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के समय करीब 25 मजदूर मौके पर काम कर रहे थे। सभी घायलों को तत्काल उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

यह हादसा रविवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ जब बिल्डिंग की दूसरी मंजिल की ढलाई चल रही थी। चश्मदीदों के अनुसार, अचानक पूरी सेंटरिंग धंस गई और मजदूर मलबे में दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। कई मजदूर अन्य राज्यों से काम करने आए थे

घटना की जानकारी मिलते ही सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसा जुनवानी क्षेत्र में हुआ है, जहां पुरानी बिल्डिंग के सामने नई इमारत का निर्माण चल रहा था। निर्माण के दौरान छज्जे की ढलाई करते समय पूरा ढांचा गिर गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे सभी मजदूरों को बाहर निकाला गया।

डॉक्टरों के अनुसार, घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है और गंभीर रूप से घायल दो मजदूरों को निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और निर्माण कार्य की तकनीकी खामियों की पड़ताल के लिए विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है।

अब तक अस्पताल प्रबंधन और ठेकेदार पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। वहीं, प्रशासन ने इस मामले में लापरवाही की संभावना से इनकार नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था और मजदूरों के पास सेफ्टी किट तक नहीं थीं। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने स्थल को सील कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close