नशे में धुत शिक्षक निलंबित, वीडियो वायरल: बिलासपुर प्रशासन ने नशा मुक्ति के लिए चलाई पहल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां सरकारी स्कूल के प्रभारी प्रधान पाठक हितेंद्र तिवारी को शराब के नशे में धुत पाए जाने के बाद निलंबित कर दिया गया। शिक्षक का नशे में धुत वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, हितेंद्र तिवारी शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय नेवारी में पदस्थ थे। उनके खिलाफ लगातार शराब पीकर स्कूल आने की शिकायतें मिल रही थीं। नेवारी के सरपंच ने शिक्षक का वीडियो अधिकारियों को भेजा, जिसमें वह नशे की हालत में छात्रों के सहारे चलते नजर आ रहे थे। इस वीडियो के आधार पर संयुक्त संचालक शिक्षा ने तुरंत निलंबन आदेश जारी किया।
वायरल वीडियो के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। प्रशासन ने स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के सहयोग से ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत दीक्षित सभा भवन में एक कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक समाज का आदर्श होते हैं, इसलिए उन्हें नशे से दूर रहकर बच्चों को सही दिशा दिखानी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे नशे के सौदागरों की जानकारी पुलिस को दें और बच्चों को इस लत से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि नशा समाज की कई बुराइयों की जड़ है और इससे मुक्ति पाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। पुलिस प्रशासन नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। वहीं, ब्रह्मकुमारी संस्था की स्वाति दीदी ने कहा कि नशा व्यक्ति और समाज दोनों को खोखला कर देता है, इसलिए शिक्षकों को बच्चों को जागरूक करने की दिशा में काम करना चाहिए।
इस मौके पर जिले के करीब 400 शिक्षक भी नशा मुक्ति अभियान से जुड़े हैं और स्कूली छात्रों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। रतनपुर के शिक्षक अशोक शर्मा और घुटकू के शिक्षक रोहित भांगे ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने छात्रों और उनके परिवारों को नशे से दूर रहने के लिए प्रोत्साहित किया।











