छत्तीसगढ़ में बीजेपी संगठन की बड़ी बैठक: अजय जामवाल कर रहे मंत्रियों से वन-टू-वन चर्चा, कामकाज का ले रहे फीडबैक

रायपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को संगठन की अहम बैठक जारी है। इस बैठक में पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल मंत्रियों के साथ वन-टू-वन चर्चा कर रहे हैं। बिहार चुनाव से लौटने के बाद जामवाल पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं और अब वे सरकार के कामकाज, योजनाओं की प्रगति और मंत्रियों के प्रदर्शन का बारीकी से फीडबैक ले रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार के एक वर्ष के कामकाज की समीक्षा करना और आगामी संगठनात्मक रणनीति तैयार करना है। बैठक में मंत्री अपने विभागों की उपलब्धियों और चुनौतियों की जानकारी दे रहे हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि अजय जामवाल ने प्रत्येक मंत्री से अलग-अलग समय में मुलाकात कर यह जानने की कोशिश की कि जनता तक सरकार की योजनाएं कितनी प्रभावी ढंग से पहुंच रही हैं।

पार्टी दफ्तर में सुबह से ही मंत्रियों का आना-जाना जारी है। बताया जा रहा है कि बैठक देर रात तक चल सकती है। मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी इसमें शामिल हैं। चर्चा है कि जामवाल आने वाले पंचायत चुनावों और मिशन 2028 की तैयारी को लेकर भी रणनीति बना रहे हैं।

सूत्रों ने यह भी बताया कि बैठक में मंत्रियों के कामकाज की रिपोर्ट कार्ड तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे यह तय किया जाएगा कि कौन मंत्री अपने विभाग में अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और किसे सुधार की आवश्यकता है।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह बैठक संगठन और सरकार के बीच तालमेल मजबूत करने के लिए बेहद अहम है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद यह अब तक की सबसे व्यापक समीक्षा मानी जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com