सूरजपुर: बंद घर का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर और कुकर चोरी, भटगांव पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

सूरजपुर: जिले की भटगांव पुलिस ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घर का ताला तोड़कर गैस टंकी और इलेक्ट्रॉनिक कुकर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है. प्रगति विहार भटगांव निवासी अभिषेक दुबे ने 3 सितंबर 2025 को थाना भटगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके बंद घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने एचपी कंपनी का गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रॉनिक कुकर, कागजात एवं अन्य सामान चोरी कर लिया है.

शिकायत पर थाना भटगांव में अपराध क्रमांक 143/25 धारा 303, 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया. जांच के दौरान पुलिस को प्राप्त सूचना के आधार पर निहाल उर्फ छोटू देवांगन पिता स्व. पारसराम (19 वर्ष) निवासी प्रगति विहार को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की.

उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान 1 गैस सिलेंडर और 1 इलेक्ट्रॉनिक कुकर, कुल कीमत लगभग 10 हजार रुपये बरामद किया. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में प्रस्तुत किया गया है. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव सरफराज फिरदौसी, एएसआई नंदलाल सिंह, आरक्षक दिनेश ठाकुर, श्याम सिंह तथा सैनिक बबलु राजवाड़े की विशेष भूमिका रही.

पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com