19 नवंबर को धमतरी आएंगे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा

धमतरी: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आगामी 19 नवंबर को छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के प्रवास पर रहेंगे. जहां वे एक आमसभा को संबोधित कर शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन के साथ हितग्राहियों को सम्मानित करेंगे. उनकी आगमन की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है एवं सभा स्थल का जायजा ले आवश्यक तैयारियां कर रहे है. मिली जानकारी के अनुसार, कार्यकम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोंदी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21वीं किश्त का वर्चुअल हस्तांतरण करेंगे.
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज यहां कलेक्टोरेट सभाकक्ष में केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के 19 नवंबर के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारी को लेकर जिलाधिकारियों की बैठक ली. उन्होंने अधिकारियों को कृषि मंत्री के कार्यक्रम की समय रहते पूरी तैयारी गुणवत्ता के साथ करने के निर्देश दिए. इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के साथ कार्यक्रम स्थल स्थानीय डॉ. शोभाराम देवांगन हायर सेकेण्डरी स्कूल पहुंचकर कार्यक्रम की रूपरेखा, मंच, स्टॉल और पार्किंग स्थल आदि का भी निरीक्षण किया.
इस अवसर पर अपर कलेक्टर रीता यादव, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग एस.के.नेताम, एसडीएम पियूष तिवारी सहित जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे. इसके बाद उन्होंने इंडोर स्टेडियम पहुंचकर हेलीपेड स्थल का निरीक्षण किया. कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.











