पंडरिया के हर वार्ड में विकास की सौगात : 1.04 करोड़ रुपए स्वीकृत, विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से मूलभूत सुविधाएं होंगी मजबूत

पंडरिया, 26 अगस्त 2026। पंडरिया नगर के विभिन्न वार्डों में विकास और अधोसंरचना निर्माण कार्यों के लिए नगरीय प्रशासन विभाग ने 1 करोड़ 4 लाख 18 हजार रुपए की स्वीकृति दी है। विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति के बाद नगर में सड़क, नाली, पुलिया, पेवर ब्लॉक, बाउंड्रीवॉल सहित कई जरूरी विकास कार्य कराए जाएंगे।
स्वीकृति मिलने पर विधायक भावना बोहरा ने नगरवासियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पंडरिया नगर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं और लंबे समय से लंबित मांगों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार में पंडरिया नगर सहित पूरी विधानसभा में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। नगर में सड़कों के निर्माण के साथ अधोसंरचना का विस्तार हो रहा है। 1 करोड़ से अधिक की नई स्वीकृति से नागरिक सुविधाएं और मजबूत होंगी तथा लोगों को बेहतर आवागमन और मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में पंडरिया नगर में हरिनाला पुल, पंडरिया बाईपास, 250 सीटर नालंदा परिसर लाइब्रेरी एवं ऑडिटोरियम, नगर मुख्य मार्ग, बिसेसरा नाला से हरिनाला तक सड़क, नया नगर पालिका भवन, नवीन व्यवहार न्यायालय भवन, व्यावसायिक परिसर और मिनी स्टेडियम जैसे महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। इसके अलावा चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण, वार्डों और प्रमुख सड़कों के निर्माण तथा गांवों में सड़क, नाली, पुल-पुलिया, बिजली, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल जैसी सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि जनता से लगातार संवाद कर उनकी जरूरतों को समझना और उसी के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, न्याय व्यवस्था, नगरीय सुविधाओं और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उनका संकल्प पंडरिया नगर को सुविधायुक्त और विकसित नगर के रूप में नई पहचान दिलाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास की गति तेज हुई है। वहीं उपमुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में नगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं और अधोसंरचना के विस्तार को प्राथमिकता मिल रही है।
विधायक के अनुसार पंडरिया विधानसभा में किसानों के लिए सिंचाई और पेयजल से जुड़ी 300 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाएं आकार ले रही हैं। वनांचल और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में पक्की सड़कों से आवागमन आसान हुआ है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 3500 से अधिक पीएम आवास स्वीकृत होने से लोगों को पक्की छत मिली है। स्वच्छ पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास जारी है।











