GPM: तेज रफ्तार कार ने बस का इंतजार कर रहें लोगों को रौंदा, हादसे में अधेड़ की मौके पर मौत; महिला व बच्ची गंभीर घायल

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले में मझगवां गांव के पास मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार का कहर दिखा. तेज रफ्तार कार सड़क किनारे बस पकड़ने खड़े लोगों को रौंद दिया. इस हादसे में एक व्यक्ति छक्के लाल चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ज्योति गुप्ता और 8 वर्षीय बच्ची गौरी गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए.

जानकारी के अनुसार, कार चालक दुबटिया चौक की ओर से तेज रफ्तार और सायरन बजाते हुए आया और मझगवां के पास सड़क किनारे खड़े लोगो को चपेट में ले लिया. हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ड्राइवर को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी. इसके बाद नाराज़ लोगों ने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर विरोध शुरू कर दिया.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया. घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से बच्ची गौरी की आंख में गंभीर चोट को देखते हुए उसे बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया है. वही पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

close