महासमुंद को जल संचय में प्रथम पुरस्कार, एक करोड़ प्रोत्साहन:राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह को किया सम्मानित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महासमुंद जिले को जल संचय और जन भागीदारी (जेएसजेबी 1.0) के तहत पूर्वी जोन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिले के रूप में सम्मानित किया है। महासमुंद को कैटेगरी 2 में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के लिए जिले को एक करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि मिली है।
यह सम्मान विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित 6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार और जल संचय, जन भागीदारी अवॉर्ड समारोह में प्रदान किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महासमुंद जिले में जल संचय और जन भागीदारी के उल्लेखनीय कार्यों के लिए यह पुरस्कार कलेक्टर विनय कुमार लंगेह को दिया।
केंद्रीय मंत्रियों और अधिकारियों रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय जल संसाधन मंत्री सीआर पाटिल, केंद्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री वी सोमन्ना मौजूद रहे। जिले की ओर से कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के साथ जल संसाधन विभाग के मुख्य कार्यपालन अभियंता अजय खरे भी मौजूद रहे। जिले में कुल 35,182 जल संरचनाओं के निर्माण के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि जिला प्रशासन के सभी अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और जिले वासियों के अथक प्रयासों और सक्रिय सहभागिता के कारण ही जल संचयन और जन भागीदारी अभियान में यह सफलता मिली है।
कलेक्टर ने जिले वासियों को दी बधाई
उन्होंने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों सहित पूरे जिले वासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने जल संचय और जन भागीदारी अभियान में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिले के रूप में प्रथम स्थान प्राप्त करने और राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होने पर सभी जिले वासियों को बधाई-शुभकामनाएं दीं।








