भाजपा का एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’, गांव-गांव तक पहुंचेगी सेवा गतिविधियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा इस बार उनके जन्मदिन से एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से होगी और यह 18 अक्टूबर तक चलेगा। पार्टी का लक्ष्य सेवा गतिविधियों के जरिए समाज के हर वर्ग और गांव तक पहुंच बनाना है।
अभियान के तहत 25 प्रमुख सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर समेत सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई कार्यक्रम शामिल होंगे। अभियान के राष्ट्रीय सदस्य ओपी चौधरी बनाए गए हैं।
छत्तीसगढ़ में अभियान की जिम्मेदारी महामंत्री यशवंत जैन को संयोजक के तौर पर दी गई है। वहीं अमित साहू, जी वेकंट, हर्षिता पांडेय, विभा अवस्थी और अंबिकेश केशरी को सदस्य बनाया गया है। प्रदेश के अलग-अलग संभागों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं।
युवाओं को 25 मिनट सेवा से जोड़ने की तैयारी
अभियान में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। युवाओं को कम से कम 25 मिनट सेवा गतिविधियों में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। महिला, किसान और अन्य सामाजिक वर्गों को भी अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान से जोड़ा जाएगा।
देशभर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकालने की भी तैयारी है। इसके अलावा ‘सेवा सेतु’ के तहत सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी झेल रहे लोगों की मदद की जाएगी। आयुष्मान योजना में नाम छूटने, पीएम किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्या और दस्तावेजों की कमी जैसी अड़चनों को दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।
29 अगस्त को होगी प्रदेश स्तरीय कार्यशाला
अभियान की तैयारियों को लेकर 29 अगस्त को प्रदेश स्तर पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके बाद जिलों में भी कार्यशालाएं होंगी। इनमें कार्यक्रमों की रूपरेखा, जिम्मेदारियां और सेवा गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे।
अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान समेत कई कार्यक्रम भी शामिल किए जाएंगे। ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताओं और विभिन्न सेवा गतिविधियों के जरिए युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की योजना है।











