धमतरी में पूरे 5 घंटे बिताए शिवराज मामा: छत्तीसगढ़वासियों को केंद्रीय मंत्री ने दी कई बड़ी सौगातें, जानें क्या रहा खास…

धमतरी: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत देश और प्रदेश के किसानों को आज एक और बड़ी सौगात मिली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तमिलनाडु के कोयम्बटूर से योजना की 21वीं किस्त की राशि का राष्ट्रव्यापी हस्तांतरण किया. रिमोट का बटन दबाकर देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में यह प्रोत्साहन राशि भेजी गई. इसके तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख 17 हजार 640 किसानों को भी उनके खातों में 494 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई. वहीं धमतरी जिले के 96 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में 19 करोड़ 21 लाख रुपए की राशि अंतरित हुई.
खुमारी पहना व हल भेंटकर केंद्रीय कृषि मंत्री का स्वागत
प्रदेश स्तरीय मुख्य समारोह धमतरी के डॉ.शोभाराम देवांगन शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल के खेल परिसर में आयोजित समारोह में केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम की उपस्थिति में जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने खुमरी पहनाकर और हल भेंटकर स्वागत किया. यहां केंद्रीय मंत्री शिवराज ने पूरे 5 घण्टे बिताए एवं प्रदेशवासियों को कई बड़ी सौगाते दे गये.
774 सड़को के लिए दिया 2225 करोड़ का स्वीकृति पत्र

कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चतुर्थ चरण के अंतर्गत 100 से अधिक आबादी वाली 780 बसाहटों को जोड़ने के लिए 2442 किलोमीटर लंबाई की 774 सड़कों के निर्माण के लिए 2225 करोड़ रुपए की स्वीकृति पत्र सौंपा. उन्होंने इन सड़कों का शिलान्यास बटन दबाकर किया. इस दौरान प्रदेश स्तरीय वॉटरशेड महोत्सव का भी शुभारंभ किया. साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत 17,357 समूहों को चक्रीय निधि, सामुदायिक निवेश निधि तथा बैंक क्रेडिट लिंकेज सहित लगभग 286 करोड़ रुपए का वितरण किया गया. इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितग्राहियों को सम्मानित भी किया गया.
मां अंगार मोती व छत्तीसगढ़ महतारी को किया प्रणाम

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने अंगारमोती मां और छत्तीसगढ़ महतारी को प्रणाम करते हुए समारोह को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आकर उन्हें अपने ही प्रदेश जैसा अनुभव होता है. मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में राज्य में विकास की नई बयार बह रही है. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21वीं किश्त किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. एकीकृत खेती, ड्रिप और स्प्रिंक्लर पद्धति अपना रहे किसानों को सरकार द्वारा सब्सिडी प्रदान की जा रही है. ग्रीन हाउस और पॉली हाउस निर्माण पर भी केंद्र सरकार विशेष प्रोत्साहन दे रही है.
महतारी वंदन योजना की सराहना की, सीएम साय को दी बधाई

मंत्री चौहान ने कहा कि अब तक देश में 5 लाख किसानों की फार्मर आईडी तैयार की जा चुकी है, जिसमें खेती-किसानी संबंधी सभी जानकारी उपलब्ध रहेगी. उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के मकान का सपना पूरा हो रहा है. इसी तरह मनरेगा मजदूरी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में मकान निर्माण और अब जल संरक्षण कार्यों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की ‘महतारी वंदन योजना’ की सराहना करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को बधाई देते हुए कहा कि इससे महिलाओं का सम्मान बढ़ा है.
धमतरी में मखाना की खेती होने पर प्रसन्नता जाहिर की

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने धमतरी जिले में मखाना की खेती शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी मखाना की खेती हो रही है. इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि मखाना बोर्ड में छत्तीसगढ़ को भी शामिल किया जाएगा. कार्यक्रम में उन्होंने बिहान योजना के तहत तैयार बुकलेट का विमोचन किया, जिसमें बीसी सखियों की प्रेरक कहानियां संकलित हैं. महिलाओं की 36 कलाओं को दर्शाने वाले विशेष प्रदर्शनी बॉक्स का भी विमोचन किया गया. कार्यक्रम में धमतरी जिले के ग्राम नाथूकोन्हा राज्य का पहला सोलर गांव घोषित करते हुए ग्राम पंचायत नाथूकोन्हा के सरपंच अकबर मंडावी को सम्मानित भी किया गया.

इस अवसर पर महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, कांकेर सांसद भोजराज नाग, कुरूद विधायक अजय चंद्राकर, नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा सहित जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि तथा काफी संख्या में किसान मौजूद थे.








