सहारनपुर: UGC नियमों के खिलाफ सवर्ण समाज का हल्ला बोल, सड़कों पर उतरे ब्राह्मण-क्षत्रिय

सहारनपुर: UGC के बदले नियमों को लेकर सहारनपुर में सवर्ण समाज का जबरदस्त विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. ब्राह्मण और क्षत्रिय समाज के सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारी रामलीला ग्राउंड से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने धरना देकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा.
इस दौरान “जब-जब सवर्ण बोला है, राज सिंहासन डोला है” जैसे नारे लगाए गए. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि UGC के नियमों में बदलाव नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने योगी और मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की.
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज चौहान ने कहा कि UGC के नए नियमों के माध्यम से एक विशेष वर्ग का शोषण किया जा रहा है, जिसे सवर्ण समाज कतई बर्दाश्त नहीं करेगा. उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने इस “काले कानून” को वापस नहीं लिया, तो अगले महीने दिल्ली कूच किया जाएगा और संसद तक आंदोलन ले जाया जाएगा. नीरज चौहान ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार या तो UGC के नियमों को वापस ले, या फिर बड़े जन आंदोलन के लिए तैयार रहे.











