सुपौल में सरकारी राशन लेने वाले लाभुकों जल्द करें ये काम, राशन कार्ड से कट सकता है नाम…

सुपौल: राशन कार्डधारकों के लिए ई-केवाईसी कराना अब अनिवार्य हो गया है. ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लाभुकों के नाम राशन कार्ड से हटाए जा सकते हैं, जिससे कई परिवारों की परेशानी बढ़ सकती है. इसको लेकर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी चंडिकेश्वर झा ने स्पष्ट जानकारी देते हुए कहा कि राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य का ई-केवाईसी कराना अत्यंत आवश्यक है. निर्धारित तिथि तक ई-केवाईसी नहीं कराने की स्थिति में संबंधित लाभुक का नाम राशन कार्ड से हटाया जा सकता है.
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा इस संबंध में बार-बार निर्देश और सूचना जारी की जा चुकी है. जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं तथा प्रखंड स्तर के माध्यम से भी लोगों तक यह जानकारी पहुंचाई गई है कि ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है. बावजूद इसके अभी भी कई ऐसे लाभुक हैं जिन्होंने अपना या अपने परिवार के सदस्यों का ई-केवाईसी नहीं कराया है. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि राशन कार्ड में जिन-जिन सदस्यों का नाम दर्ज है, उन सभी का अलग-अलग ई-केवाईसी होना जरूरी है. यदि कोई लाभुक बाहर रह रहा है तो वह मोबाइल के माध्यम से भी ई-केवाईसी करा सकता है. इसके लिए विभाग द्वारा ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है.
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि 12 फरवरी के बाद ई-केवाईसी नहीं कराने वाले सदस्यों के नाम राशन कार्ड से हटाए जा सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित लाभुक की होगी. उन्होंने यह भी कहा कि ई-केवाईसी का मुख्य उद्देश्य पात्र लाभुकों को ही सरकारी योजनाओं का लाभ देना है, ताकि अपात्र लोगों को सूची से हटाया जा सके और पारदर्शिता बनी रहे. ई-केवाईसी नहीं होने की स्थिति में राशन वितरण में बाधा उत्पन्न हो सकती है और पात्र परिवार भी राशन से वंचित रह सकते हैं.
प्रखंड प्रशासन ने सभी राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने नजदीकी जन वितरण प्रणाली विक्रेता या प्रखंड कार्यालय से संपर्क कर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर लें. ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके और सरकारी योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com