पुराने वीडियो में दिखा ऐश्वर्या राय का सिंगिंग टैलेंट, चंद्रचूड़ सिंह के सामने गाकर जीता था दिल

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय अपनी खूबसूरती और दमदार अभिनय के लिए जानी जाती हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि वह एक बेहतरीन गायिका भी हैं। सोशल मीडिया पर इन दिनों उनका एक पुराना वीडियो चर्चा में है, जिसमें वह मंच पर गाना गाती नजर आ रही हैं और अपनी मधुर आवाज से दर्शकों का दिल जीत लेती हैं।
बतौर मॉडल करियर की शुरुआत करने वाली ऐश्वर्या राय ने साल 1994 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीता था। इसके बाद 1997 में उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा और धीरे-धीरे बॉलीवुड के साथ-साथ हॉलीवुड में भी अपनी पहचान बनाई। अभिनय के अलावा उनकी सिंगिंग प्रतिभा भी लोगों को काफी प्रभावित करती रही है।
यह वीडियो उस समय का है, जब ऐश्वर्या राय अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह के साथ मशहूर टीवी शो ‘जीना इसी का नाम है’ में पहुंची थीं। इस कार्यक्रम में उन्होंने ‘मेरी सांसों में बसा है तेरा ही एक नाम’ गीत गाया था। उनकी आवाज सुनकर दर्शक हैरान रह गए थे और तालियों से उनका स्वागत किया था।
गाना गाने के बाद ऐश्वर्या ने बताया था कि वह काफी नर्वस महसूस कर रही थीं। यह गीत उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म ‘और प्यार हो गया’ का है, जो वर्ष 1997 में रिलीज हुई थी। इससे पहले उन्होंने इसी साल तमिल फिल्म ‘इरुवर’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी।
ऐश्वर्या राय और चंद्रचूड़ सिंह ने बाद में वर्ष 2000 में आई फिल्म ‘जोश’ में भी साथ काम किया था, जिसमें शाहरुख खान भी मुख्य भूमिका में थे। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास सफल नहीं रही, लेकिन इसमें दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने पसंद किया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पुराने वीडियो के जरिए एक बार फिर ऐश्वर्या राय का छुपा हुआ सिंगिंग टैलेंट सामने आया है, जिसे देखकर फैंस उनकी बहुमुखी प्रतिभा की जमकर तारीफ कर रहे हैं।











