जंगल में तेंदुए के हमले से ग्रामीण की मौत, चार दिन बाद मिला कंकाल

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कोरर वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुर्री गांव में तेंदुए के हमले से एक ग्रामीण की मौत का मामला सामने आया है। घटना के चार दिन बाद ग्रामीण का कंकाल मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभी पूरी तरह से नहीं हो सकी है, हालांकि परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उसकी शिनाख्त की है। कंकाल के पास बांस मिलने से आशंका जताई जा रही है कि ग्रामीण बांस काटने के लिए पहाड़ी क्षेत्र में गया था, जहां वह तेंदुए का शिकार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण रविवार शाम अपनी बेटी के घर से भानुप्रतापपुर के पास स्थित अपने घर लौटने के लिए निकला था, लेकिन रात तक नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मंगलवार शाम मृतक के दामाद को पहाड़ी क्षेत्र में उसके कपड़े दिखाई दिए। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने आसपास खोजबीन की, जिसके बाद पहाड़ी पर खोपड़ी बरामद हुई। पुलिस ने कंकाल के पास से खोपड़ी जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस और वन विभाग की टीम मृतक के शरीर के अन्य हिस्सों की तलाश में जुटी हुई है। क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी के चलते ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग जंगल जाने से बच रहे हैं।

close