छत्तीसगढ़ के युवा फिल्मकार एस अंशु धुरंधर को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में मिला अवार्ड

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के युवा फिल्म निर्माता और निर्देशक एस अंशु धुरंधर को कोलकाता में आयोजित इंटरनेशनल स्टार फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स 2026 में सम्मानित किया गया है। उन्हें भारतीय फिल्म श्रेणी के अंतर्गत द्वितीय सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री अवार्ड से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें छत्तीसगढ़ के जननायक दाऊ चिंताराम टिकरिहा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म के लिए मिला, जिसे नौ वर्षों के गहन शोध के बाद तैयार किया गया है।

अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में दुनिया के करीब 70 देशों से सैकड़ों फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। चयन प्रक्रिया के दौरान फिल्मों का मूल्यांकन स्टोरी टेलिंग, रचनात्मकता, तकनीकी गुणवत्ता और सांस्कृतिक प्रभाव जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर किया गया। 27 फरवरी को कोलकाता स्थित राज्य युवा केंद्र परिसर के विवेकानंद ऑडिटोरियम में नामांकित फिल्मों की स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जबकि 28 फरवरी को समारोह में विजेताओं को अवार्ड प्रदान किए गए।

फेस्टिवल निदेशक सैकत दास ने बताया कि बड़ी संख्या में आई प्रविष्टियों में से केवल कुछ चुनिंदा फिल्मों को ही अंतिम चरण तक पहुंचने का अवसर मिला। उन्होंने ऐतिहासिक विषय पर आधारित इस शोधपूर्ण डॉक्यूमेंट्री की प्रस्तुति और तकनीकी संतुलन की सराहना की। इसी फिल्म का चयन मार्च महीने में आयोजित होने वाले 11वें बंगाल इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल के लिए भी किया गया है।

एस अंशु धुरंधर बचपन से ही रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने नौ वर्ष की उम्र से लेखन शुरू किया और 16 वर्ष की उम्र से फिल्म निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय हो गए। अब तक वे पांच फिल्मों का निर्देशन और चार पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। वर्तमान में उनकी दो पुस्तकें और तीन फिल्में निर्माणाधीन हैं। उनके कार्यों का चयन देश और विदेश के 10 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में हो चुका है और कई मंचों पर उन्हें सम्मान भी मिल चुका है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com