सुपौल में पनोरमा ग्रुप के CMD संजीव मिश्रा के ठिकानों पर छापेमारी, राजनीतिक गलियारे में बना चर्चा का विषय

सुपौल: बिहार में रियल स्टेट सेक्टर से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है. सीमांचल और कोसी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंस्ट्रक्शन कंपनी पनोरमा ग्रुप पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) का शिकंजा कस गया है. मंगलवार सुबह करीब 06 बजे से ही ED की टीमों ने ग्रुप के पूर्णिया और सुपौल के छातापुर स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है.
जानकारी के अनुसार, पूर्णिया स्थित पनोरमा सिटी और ग्रुप के प्रबंध निदेशक संजीव मिश्रा के आवास समेत कई कार्यालयों पर भारी सुरक्षा बल के साथ अधिकारी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं. यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले को लेकर बताई जा रही है.
अचानक हुई इस छापेमारी से व्यावसायिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है. पनोरमा ग्रुप पिछले कुछ वर्षों में तेजी से उभरा है, और अब ED की नजर कंपनी के वित्तीय लेन-देन और निवेश के स्रोतों पर है. फिलहाल, छापेमारी जारी है और आधिकारिक तौर पर ईडी की ओर से कोई बड़ा बयान सामने नहीं आया है. फिलहाल इस छापेमारी को लेकर राजनीतिक गलियारे में चर्चा का विषय बन गया है.
बता दें कि संजीव मिश्रा केवल एक बड़े बिल्डर ही नहीं, बल्कि मुकेश सहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं.
उनके राजनीतिक रसूख और रियल एस्टेट में उनकी बड़ी हिस्सेदारी के कारण इस छापेमारी को काफी अहम माना जा रहा है.











