IND vs ENG: इतिहास बदलो और फाइनल खेलो… भारत के सामने बड़ी चुनौती, सेमीफाइनल में करना होगा ये कारनामा

T20 World Cup 2026, IND vs ENG SemiFinal: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में एक रोमांचक मुकाबला होने जा रहा है. 5 मार्च को होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच में टीम इंडिया का सामना इंग्लैंड से होगा. डिफेंडिंग चैंपियन भारत इस बार लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम करने की मजबूत दावेदारी के साथ मैदान में उतरेगी, लेकिन यह रास्ता आसान नहीं दिख रहा. भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के सामने चुनौती कड़ी होगी. दोनों टीमें लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी, जो इस मैच को और दिलचस्प बनाता है.

फाइनल में पहुंचने के लिए बदलना होगा इतिहास

वानखेड़े स्टेडियम हमेशा से बड़े मैचों का गवाह रहा है, और इस बार भी हजारों फैंस अपनी टीम को फाइनल में पहुंचते देखने के लिए उत्सुक हैं. लेकिन इस जीत के लिए टीम को टूर्नामेंट का इतिहास भी बदलना होगा. दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक सिर्फ दो टीमें ही लगातार दो फाइनल खेल पाई हैं, ये टीमें श्रीलंका और पाकिस्तान हैं. लेकिन कोई भी डिफेंडिंग चैंपियन अगले एडिशन में फाइनल तक नहीं पहुंच सकी है.

भारत के सामने यह रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका है. 2024 में खिताब जीतने वाली टीम इंडिया अब इतिहास रचने की कगार पर खड़ी है. अगर भारत यह मुकाबला जीतती है, तो वह पहली ऐसी टीम बन जाएगी जो लगातार दो बार फाइनल में पहुंचकर डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में खिताब बरकरार रखने की कोशिश करेगी. लेकन इंग्लैंड भी कम नहीं हैय उन्होंने पिछले कुछ सालों में टी20 फॉर्मेट में मजबूत प्रदर्शन किया है और भारत के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड रखते हैं. उनकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग मजबूत हैं, और वह भारत की घरेलू परिस्थितियों में भी चुनौती पेश कर सकते हैं. वानखेड़े की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल रहती है, जिससे हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद है.

किस टीम का पलड़ा भारी?

आईसीसी वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में दोनों टीमों के बीच ये 5वीं टक्कर होगी. पिछले 4 मैचों में दोनों ही टीमों ने 2-2 बार बाजी मारी है. वहीं, मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में ये दोनों टीमों के बीच टी20 में तीसरी भिड़ंत होगी. यहां भी दोनों टीमें 1-1 जीत की बराबरी पर हैं. यानी पलड़ा दोनों का बराबर है, ऐसे में जो टीम आज अच्छा खेलेगी वो ही बाजी मारेगी. खास बात ये भी है कि इन दोनों ही टीमों ने 2-2 बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत रखा है और तीसरे की तलाश में हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close