हरदोई: पारिवारिक विवाद में युवक की निर्मम हत्या, चाचा-भतीजे व भाई फरार

हरदोई: जिले के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत बलेहरा गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया, धारदार हथियार से किए गए हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है. जानकारी के मुताबिक, बलेहरा गांव निवासी 36 वर्षीय अच्छे सिंह पुत्र छुटकुन का अपने ही पारिवारिक रिश्तेदारों से लंबे समय से विवाद चला आ रहा था.

मंगलवार को विवाद इतना बढ़ गया कि अच्छे सिंह के चचेरे भाई और भतीजों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमलावरों की पहचान अजीत सिंह, पिंकू और अंकित सिंह के रूप में हुई है. हमले में अच्छे सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. एसपी ने बताया कि मृतक और आरोपी आपस में चाचा-भतीजे और भाई हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. सूचना मिलते ही पीआरवी और स्थानीय थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी.

गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वारदात के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके. एसपी ने भरोसा दिलाया है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है, ताकि विवाद की असली वजह सामने लाई जा सके.

close